देवा पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
बाराबंकी। देवा कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की आठ बाइकें बरामद हुई हैं। चोरों का यह गिरोह डिमांड पर वारदातों को अंजाम देता था। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने शनिवार को पुलिसलाइन में यह जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने लखनऊ के खदरा बड़ी पकड़िया थाना मदेयगंज निवासी अकरम व देवा कस्बे के मोहल्ला हुज्जाजी निवासी सरताज को खरेहटा के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकें व मास्टर चाभी बरामद की।
दोनों ने पूछताछ में बताया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों, पार्किंग, सड़क किनारे एवं पार्कों आदि में खड़ी बाइकों के लॉक मास्टर चाभी से खोल कर चोरी कर लेते हैं। इसके बाद नंबर प्लेट व चेचिस नंबर के कुछ अंक इधर-उधर कर देते हैं ताकि पहचान न हो सके।
चोरी की गई बाइकों को देवा क्षेत्र में कुर्सी रोड पर वारिस नगर के निर्माणाधीन मकानों में तथा कुछ बाइकों को भयारा मोड़ के आगे कांशीराम कॉलोनी के पीछे रखा गया था। देवा के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अकरम पर पांच व सरताज पर दो केस दर्ज हैं। जो लोग इनसे गाड़ी खरीदते थे, वे इनसे बाइक के मॉडल की डिमांड करते थे। बाकी लोगों का पता लगाया जा रहा है।