बाराबंकी। मौसम में आए बदलाव का असर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले में दिखा। इस दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार और सांस रोग के मरीज ज्यादा रहे। वहीं इस दौरान संदिग्ध मिलने पर 22 लोगों की टीबी की जांच कराई गई। वहीं गंभीर हालत में पहुंचे 19 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिले के 59 पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 2,190 मरीज देखे गए। इनमें पुरुषों की संख्या 865, महिलाओं की संख्या 1021 और बच्चों की संख्या 304 रही। इस दौरान संदिग्ध दिखने पर 21 लोगों की हेपेटाइटिस बी, 11 लोगों की हेपेटाइटिस सी, 91 लोगों की मलेरिया और आठ लोगों की डेंगू की जांच कराई गई। इनमें एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। इस दौरान नेत्र रोग के 22, सर्दी, जुकाम और बुखार के 349, लीवर रोग के 13, सांस रोग के 224, पेटदर्द के 195, डायबिटीज के 101, त्वचारोग के 270, खून की कमी के 14, हाइपरटेंशन के 42 मरीज देखे गए।
पीएचसी त्रिलोकपुर में इलाज के लिए बालेश्वर, बजरंगी, हेमलता, गुंजन, गौरी शंकर ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बुखार आने पर निजी चिकित्सकों को दिखाया गया। कोई सुधार न होने पर पीएचसी पर दिखाया। चिकित्सक ने जांच कराकर दवाएं दी हैं। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि मौसम में आए बदलाव की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए मेले में 96 डॉक्टर और 236 कर्मियों को लगाया गया था।