बाराबंकी। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह पेड़ टूट कर सप्लाई लाइन पर गिरने से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। ट्रिपिंग के साथ ही सप्लाई लाइन के तार टूटने के कारण शहर के आठ मोहल्लों के साथ करीब चार सौ गांव क्षेत्रों में घंटों बिजली बाधित रहने से सभी ने खूब परेशानी झेली ।
नयापुरवा, शिवनाम व सिरौलीगौसपर के 35 गांवों में फाल्ट दुरुस्त नहीं हो सका। करीब चार सौ गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। पल्हरी बिजली उपकेंद्र के पास बिजली का तार टूटने से सट्टी बाजार, चंदना, कटरा, बारादरी, नबीगंज, इमामबाड़ा, पीरबटावन, पल्हरी मोहल्ले में सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं कंपनीबाग, सिंविल लाइन, घोसियाना, देवारोड, श्रीनगर मेें दोपहर से शाम तक चार बार ट्रिपिंग हुई।
10 घंटे बाधित रही 65 गांव की बिजली आपूर्ति
रामसनेहीघाट से कोटवाधाम के लिए आई मुख्य लाइन पर उदावतनगर गांव के पास यूकेलिप्टस का पेड़ गिर जाने से 65 गांवोंं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पेड़ को काटकर हटाने और फाल्ट दुरुस्त करने में ही दस घंटे लग गए। इससे करीब 70 हजार आबादी को पानी व मोबाइल चार्ज करने के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
तारों पर गिरा पेड़, चार खंभे व ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
क्षेत्र के बिन्दौरा सिहाली रोड पर त्रिलोकपुर गांव के समीप सोमवार की सुबह शीशम का पेड़ तारों के ऊपर गिर गया। जिससे करीब चार बिजली के खंभे टूट गए और एक टांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे भटपुरवा, अच्छेछा, मुजाहिदपुर समेत छह गांवों की बिजली आपूर्ति सोमवार दोपहर तक ठप रही।
दस घंटे तक नहीं खोज सके फाल्ट
हैदरगढ़ कस्बे में रविवार रात एक बजे से बाधित हुई बिजली की फाल्ट दस घंटा तक पावर काॅर्पोरेशन टीम नहीं खोज सकी। सोमवार सुबह दस बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं देवीगंज उपकेंद्र के पलौली व हैदरगढ़ उपकेंद्र के बहुता फीडर के नया पुरवा गांव में बीते चार दिन से बिजली नहीं आ रही है। वहीं सुबेहा क्षेत्र में शुकुल बाजार के पास ट्रक की टक्कर से एक बिजली का खंभा व तार टूट जाने से नीमामऊ गांव की बिजली आपूर्ति ठप होने से करीब डेढ़ हजार की आबादी को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी।