जिला अस्पताल ओपीडी के बाहर लाइन में खड़े मरीज।
बाराबंकी। ठंड जनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी, पीएचसी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ने लगी है। मरीज ठंड से होने वाली बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। भीड़ बढ़ने से मरीजों को पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। जल्द राहत पाने के लिए सुबह आठ बजे के पहले ही मरीजों की कतार लग गई थी।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सक कक्ष के बाहर भी मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिली। नई सड़क से इलाज करवाने आई गीता ने बताया कि टोकन बनवाने से लेकर दवा लेने तक तीन से चार घंटे आराम से लग जाते हैं। ठंड बढ़ने से जोड़ो में काफी दिक्कत हो रही है। लाइन में खड़ा नहीं हुआ जा रहा है। इसलिए उन्होेंने अपनी जगह पुत्र को लाइन में खड़ा किया है। अस्पताल में फिजिशियन से लेकर अस्थि रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ समेत अन्य चिकित्सकों के पास भी मरीजों की खासा भीड़ रही। जिन मरीजों को एक्सरे लिखा गया था, उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके बाद भी कई मरीजों को खाली हाथ लौटना पड़ा। जांच कराने के लिए मरीजों को खासा परेशानियां उठानी पड़ी। फिजीशियन डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि मरीज सर्दी, खांसी, बुखार, निमोनिया आदि से परेशान हैं। मरीजों को दवा देकर ठंड से बचने की सलाह दी गई है।
बच्चों के लिए नहीं है कफ सिरप
सआदतगंज। सीएचसी पर बुधवार को सर्दी, बुखार, खांसी के मरीज पहुंचे। चिकित्सक ने कुछ मरीजों को दवा दी। कुछ को खून जांच कराने को कहा। फार्मासिस्ट संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केेंद्र पर बच्चों की कफ सिरप उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा अन्य दवाईयां संबंधित मरीज को दी जाती है।