सतरिख। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतरिख को नेशनल क्वालिटी इंश्योरेंस स्टैंडर्ड के तहत बेहतर कार्य करने का पुरस्कार मिल चुका है। इसके बावजूद यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर तैनाती न होने से मरीजों को इलाज कराने में काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन व रेडियोलॉजिस्ट के पद बीते कई माह से तैनाती न होने के कारण खाली पड़े हैं।
वर्तमान में चल रहे बुखार के प्रकोप के बावजूद मरीजों के इलाज के लिए कोई भी फिजिशियन न होने से बेहतर इलाज के लिए मुख्यालय तक की दौड़ लगाना पड़ती है। यहां की ओपीडी में गर्भवती व महिलाओं की दैनिक मौजूदगी सौ से ज्यादा रहती है। इसके बावजूद महिला विशेषज्ञ व रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के साथ ही अल्ट्रासाउंड जांच कराने की परेशानी जूझना पड़ता है। विशेष चिकित्सक को दिखाने के लिए जिला अस्पताल या फिर निजी चिकित्सालय में जाना पड़ता है।
सीएचसी में 10 चिकित्सकों में से छह चिकित्सक, तीन फार्मासिस्ट में से दो तथा चार वार्ड ब्वॉय में से एक पद पर ही तैनाती है। ओपीडी में हर दिन आने वाले मरीजों के इलाज का जिम्मा अस्पताल में मौजूद एकमात्र जनरल फिजिशियन के कंधों पर रहता है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नीतिश कुमार ने बताया कि सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ,फिजिशियन, हड्डी रोग व रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सक के पद कई माह से रिक्त है। इन पर तैनाती के लिए मुख्यालय स्तर से पत्राचार किया जा रहा है।