त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने एक ही गांव के तीन घरों से लाखों के जेवर-नकदी उठा ले गए। मंगलवार सुबह पुलिस ने तीनों घरों में पहुंचकर पड़ताल की।
लोनीकटरा क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के पास शिवाला का पुरवा मजरे ककरी गांव में निवासी सिफाकत अली के अनुसार, सोमवार रात चोर दीवार से छत पर पहुंचे और फिर घर के अंदर घुस गए। कमरे में बक्से का ताला तोड़कर दो लाख के जेवर व 15 हजार रुपये नकद उठा ले गए। इसी रात चोर पड़ोसी दिलावर के मकान से एक लाख के जेवर व 15 हजार रुपये नकद उठा ले गए।
चोरों ने तीसरी वारदात गांव के वाजिद के यहां अंजाम दी। इनके यहां से चोर 50 हजार के जेवर व 10 हजार रुपये नकद उठा ले गए। मंगलवार सुबह जागने पर तीनों लोगों को चोरी की घटना की जानकारी हुई। तीनों ने थानों में अलग-अलग तहरीर दी है। वारदातों से ग्रामीणों में दहशत है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। संवाद