जैदपुर (बाराबंकी)। जैदपुर थाना क्षेत्र के इचौलिया गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने एक घर में धावा बोल दिया। लाखों के जेवर व नकदी चुराकर वह जाने ही वाले थे कि घर के सदस्यों की नींद खुल गई। भाग रहे चोरों का ग्रामीणों ने पीछा किया मगर उन्होंने हवाई फायर कर दहशत फैला दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
इचौलिया गांव निवासी राकेश कुमार वर्मा के अनुसार, बृहस्पतिवार रात खा-पीकर पूरा परिवार रोज की तरह सो गया था। कुछ लोग छत पर तो कुछ नीचे सो रहे थे। रात करीब 3 बजे खटपट की आवाज होने पर उनके पुत्र प्रवेश कुमार व उपनेश कुमार की आंखें खुल गई। दोनों ने देखा कि अलमारी खुली है और सारा सामान बिखरा पड़ा है।
इससे उनको अंदाजा लगाते देर नहीं लगी कि चोरी हो गई है। कुछ ही देर में पूरा परिवार जाग गया और शोर मचाया तो गांव वाले एकत्र होने लगे। राकेश के अनुसार, कुछ ग्रामीणों ने चोरों को भागते हुए देखा और उनका पीछा किया। मगर इस दौरान चोरों ने हवाई फायर किए जिससे लोग दहशत में आ गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। राकेश के अनुसार, करीब 86 हजार रुपये की नकदी और जेवर मिलाकर करीब चार लाख की संपत्ति चोर चुरा ले गए हैं। छानबीन के दौरान यह भी पता चला कि बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी का केस दर्ज किया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
पुरानी वारदातों का खुलासा नहीं कर पा रही पुलिस
चोरों का कोई गिरोह इस समय सफदरगंज व जैदपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय हैं। वारदातें हो रही हैं मगर खुलासा नहीं हो पा रहा है जिससे लोग दहशत में हैं। थाना सफदरगंज क्षेत्र में बीते 20 अगस्त की रात गुलरिहा गांव निवासी मुन्ना के घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोर 40 हजार की नकदी सहित लगभग दो लाख के जेवर उठा ले गए थे।
सफदरगंज के ही औलिया लालपुर गांव निवासी सुदेश कुमार के घर से चोरों ने 25 हजार नकदी और लगभग ढाई लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया था। बीती 2 सितम्बर की रात को सदेवा गांव निवासी ललित कुमार के घर से चोर 50 हजार रुपये नकद व ढाई लाख तक के जेवर उठा ले गए थे। ऐसी आधा दर्जन से अधिक घटनाएं हैं जो जैदपुर और सफदरगंज थाना क्षेत्र में हुई। मगर इनका खुलासा अब तक नहीं हो सका।