सैदनपुर (बाराबंकी)। बदोसरायं के मरकामऊ मुख्य चौराहे पर रविवार रात सराफा की दो दुकानों के शटर तोड़कर चोर जेवरात उठा ले गए। चोरों ने दुकान के अंदर लॉकर तोड़ने का भी प्रयास किया किंतु सफल नहीं हो सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली बदोसरायं क्षेत्र के मरकामऊ मुख्य चौराहे पर सिलौटा के आशीष बाजपेई और बदोसरायं कस्बे के आशीष नाग की सराफा की दुकानें हैं। रविवार की रात चोरों ने पहले दुकानों के पीछे सेंध काटने का प्रयास किया किंतु सफल नहीं हो सके। इसके बाद दुकान के सामने पडे़ तख्त को खड़ा करके उसकी आड़ में लोहे के रॉड से शटर का लॉक तोड़कर उसे उठा दिया और अंदर घुस गए।
चोरों ने अंदर मुख्य लॉकर को तोड़ने का प्रयास भी किया मगर वह नहीं टूटा। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा हुआ है। दोनों दुकानदारों ने थाने में घटना की तहरीर दी। इसमें डेढ़ लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी होने की बात कही है। इस बाबत थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद