बाराबंकी। शहर के मुख्य बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से बाइक सवार दो टप्पेबाज करीब दो लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
घंटाघर के पास सरावगी मोहल्ला निवासी राकेश कुमार रस्तोगी की लक्ष्मी नरायन ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। पुलिस को दी तहरीर में सराफा व्यवसायी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से दो लोग उसकी दुकान पर पहुंचे। खुद को कोतवाली से आने की बात कहकर चांदी का एक ताबीज दिखाने को कहा।
जिसको देखने के बाद एक ताबीज खरीदकर उसका भुगतान भी कर दिया। उसके बाद सोने के टॉप्स दिखाने को कहा। जिस पर उसने कुछ टॉप्स दिखाए। इसमें एक पसंद कर और डिजाइन लेने अंदर गया। इसी दौरान एक पैकेट लेडीज अंगूठी, ओम का ठप्पा व तीन जोड़ी बाली लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना उसने कोतवाली पुलिस को दी।
जिस पर प्रभारी निरीक्षक सुरेश पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मगर, दुकान के सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लगे। जिस पर आसपास की दुकानों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केस दर्ज कर कर लिया गया है।