हैदरगढ़ (बाराबंकी)। चोर कोरोना पॉजिटिव के घर में घुस गए और दस लाख के जेवर व 70 हजार की नकदी उठा ले गए। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। इस वारदात ने क्षेत्र में पुलिस सक्रियता की भी पोल खोलकर रख दी है।
मंगलवार को कोतवाली हैदरगढ़ के पूरे केरहन मजरे बम्हरौली गांव में अमित कुमार सिंह के घर का मुख्य दरवाजा खुला था। रात को घर में घुसे चोरों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बक्सों व अलमारी का ताला तोड़कर सारा सामान लेकर खिड़की के रास्ते भाग गए। मंगलवार भोर में जागने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने पर खिड़की से झांककर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके की जांच की है। घर मालिक ने बताया कि चोर अलमारी में रखे हजार रुपये नकद व करीब दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर उठा ले गए हैं।
सोमवार को कोविड पॉजिटिव होने पर घर के बाहर हॉल में सोए थे और इनकी मां बरामदे में सो रही थी। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड से मौके पर पड़ताल की है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस का डॉग बगल के गांव अंदऊमऊ तक जाकर रुक गया। मौके से साक्ष्य लेकर पुलिस चोरों का सुराग लेने की कोशिश में जुटी है। कोतवाल ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि गांव में चोरी की सूचना पर पुलिस ने जांच की है। मौके से साक्ष्य एकत्र कर चोरों की तलाश की जा रही है।
मंदिर से दानपात्र चोरी
हरख। सतरिख थाना क्षेत्र के दियानतनगर गांव के बाहर शनिदेव का मंदिर बना हुआ है। जिसमें सोमवार रात को चोर मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र व राशन, तेल सामग्री सब उठा ले गए। मंगलवार सुबह हुई तो मंदिर के पुजारी वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रामू भैया जी ने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और दानपात्र व राशन सामग्री गायब है। पुजारी ने बताया कि दानपात्र साल में सिर्फ बड़े मंगल को खोला जाता है जिसके पैसों से जोड़कर भंडारा किया जाता है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।