सिद्धौर (बाराबंकी)। नगर पंचायत सिद्धौर के मील चौराहा के पास एक व्यक्ति के घर के सामने लगा चंदन का पेड़ चोरी हो गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस और वन विभाग से कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना असन्द्रा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिद्धौर के मील चौराहा के समीप कस्बे के निवासी अकबर अली के घर के सामने वर्षों पुराना चंदन का कीमती पेड़ लगा था। अकबर अली अपना मकान किराए पर प्रदीप नाम के व्यक्ति को किराए पर दे रखा है। जो कस्बे में ही मिठाई की दुकान लगाता है। सोमवार रात प्रदीप अपने साथी सुब्रतो के साथ घर के अंदर सो रहा था। तभी चोर बेशकीमती चंदन का पेड़ काटकर उठा ले गए। सुबह जब सोकर उठा तो उसका दरवाजा बाहर से बंद था।
जब उसने आवाज लगाई तो पड़ोसियों ने बाहर से दरवाजा खोला, बाहर आकर देखा तो घर के सामने लगा चंदन का पेड़ गायब था। उसने इसकी सूचना मकान मालिक अकबर अली को दी। अकबर अली ने इसकी शिकायत पुलिस और वन विभाग से की है। वन क्षेत्राधिकारी संजय श्रीवास्तव का कहना है कि सिद्धौर में चंदन का पेड़ चोरी से काटने की सूचना मिली है। मौके पर जांच के लिए वन दरोगा वीर भगत सिंह को भेजा गया है।