रामसनेहीघाट। कोतवाली रामसनेहीघाट इलाके के भवनियापुर खेवली नहर के पास एक इलेक्ट्रॉनिक व हार्डवेयर की दुकान में करीब दो लाख रुपये का सामान चोर उठा ले गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एक व्यक्ति चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस छानबीन में लगी है।
काशीपुर गांव निवासी उमेशचंद्र पांडेय भवनियापुर खेवली नहर के पास एक ही दुकान में इलेक्ट्रॉनिक व हार्डवेयर का कारोबार संचालित करते हैं। उमेशचंद्र के अनुसार 11 जनवरी को दुकान के काम से दिल्ली गए थे। 14 जनवरी को वापस लौटने के बाद मकर संक्रांति पर्व के चलते लखनऊ अपने आवास पर रुक गए थे, जबकि 15 जनवरी को दुकान बंद रही। 16 जनवरी को जब दुकान खोली गई और कर्मचारी गोदाम में गया तो इलेक्ट्रॉनिक व लोहे का सामान गायब मिला जो करीब दो लाख रुपये कीमत का है। सीसीटीवी रिकार्डिंग में दिख कि चोर गेट के सहारे गोदाम में दाखिल हुआ। उसी के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया है। एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।