बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र रामसनेहीघाट में एक सप्ताह पहले मिला अज्ञात शव शहर के युवक का था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सिर में गंभीर चोट आने से मौत होने की बात उजागर होने के बाद भी पुलिस शांत बैठी थी। अंतिम संस्कार होने के बाद शुक्रवार को परिजनों ने कपड़ों व फोटोे से उसकी पहचान की। इससे आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली पहुंच आक्रोश जताया। अब पुलिस अपहरण व हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी में है।
21 दिसंबर को रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के कोटवासड़क व राजपुर गांव के बीच स्थित सूखे नाले में युवक का शव मिला था। नाक, कान व चेहरे के एक हिस्से का मांस नदारद था। पुलिस ने बताया था कि शव के पास मार्फीन की पुड़िया मिली थी जिससे युवक के नशेड़ी होने का अंदाजा लगाया था।
शव को 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में रखने के बाद 25 दिसंबर को लावारिस मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस के ही कर्मचारी ने शुक्रवार को बाहर एक पोस्टर चस्पा देखा जिसमें शहर के भितरी पीरबटावन निवासी संतोष कुमार वाल्मीकि की फोटो व उसके गुमशुदा होने की बात लिखी थी।
कर्मचारी को याद आया कि दो दिन पहले जिस लावारिस शव का अंतिम संस्कार हुआ, उसके हाथ में सौरभ गुदा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई तो कड़ियां जुड़ गईं क्योंकि भितरी पीरबटावन निवासी संतोष कुमार वाल्मीकि 16 दिसंबर से लापता था।
कुछ ही देर में वाल्मीकि समुदाय के तमाम लोग कोतवाली पहुंच आक्रोश जताने लगे। इनका आरोप था कि पुलिस ने कार्रवाई के बजाय शव का लावारिस में अंतिम संस्कार करवा दिया। कोतवाली में भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट से मौत की पुष्टि होने के बाद मामला अपहरण व हत्या में बदलता नजर आया। शुक्रवार देर शाम रामसनेहीघाट कोतवाली पहुंचे सौरभ के परिजनों ने कपड़ों से भी पहचान की। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलते ही हत्या का केस दर्ज होगा।
सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने लगी पुलिस
18 दिसंबर को शहर से लापता हुआ सौरभ क्या करता था, कहां से लापता हुआ, उसका मोबाइल कहां है समेत कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखकर यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर युवक किधर से गया। कौन साथ था। रामसनेहीघाट तक जांच का दायरा बढ़ गया है।