आलमबाग। कृष्णानगर की एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी1 निवासी भानु प्रताप (44) ने मकान के प्रथम तल पर साड़ी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। उनके छोटे भाई शक्ति के अनुसार रोज की तरह शनिवार शाम जब वह ड्यूटी से घर लौटे तो बड़े भाई भानु का शव पंखे में लगे हुक में साड़ी के सहारे लटका देखा। सूचना पर कृष्णानगर पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। शक्ति के अनुसार वह प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि भानु ने एमबीए किया था और बेरोजगार थे। उनके बड़े भाई रविंद्र बिजली विभाग में कार्यरत हैं और परिवार के साथ राजाजीपुरम इलाके में रहते हैं।