घर में खुले पड़े विद्युत तार की चपेट में आकर एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। कोठी थानाक्षेत्र के फिरोजाबाद गांव में हुई इस घटना के बाद परिवारीजनों ने मृतका के शव का अंतिम संस्कार करवा दिया है। इस बारे में पुलिस को किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई है।
थाना कोठी क्षेत्र के फिरोजाबाद गांव की रहने वाली सुमिरता(45) बुधवार की सुबह अपने घर में जमीन पर पड़े एक विद्युत के तार को उठाकर दूसरी जगह पर रखने लगी। इस दौरान तार में उतर रहे करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिस समय यह घटना हुई उस समय वह घर में अकेली ही थी। परिवारीजनों को जब मामले की जानकारी हुई तो इस बारे में पुलिस को बताए बिना ही महिला के शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। पावर कॉर्पोरेशन के जेई रफी अहमद का कहना है कि घर में पड़े तार के करंट की चपेट में आकर महिला की जान गई है। कहा कि इसमें विभाग का कोई लेना देना नहीं है।