अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में गेहूं खरीद की समीक्षा की गई। एडीएम ने खरीद में लगी एजेंसियों के प्रबंधकों से दो टूक कहा कि तीन दिन जितना लक्ष्य दिया जा रहा, उतना गेहूं खरीद कर दिखाएं अन्यथा कार्रवाई को तैयार रहें।
यही नहीं, अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अब रविवार के दिन भी गेहूं की खरीद होगी और उसकी रिपोर्ट जिला विपणन अधिकारी के माध्यम से कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
गेहूं खरीद को लेकर जिलाधिकारी द्वारा बरती गई सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। अपर जिलाधिकारी हरिकेश चौरसिया ने शनिवार को कार्यालय में गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक में खरीद में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के प्रबंधकों से साफ कहा कि जो लक्ष्य दिया जा रहा है उतना गेहूं तीन दिन के अंदर खरीदना होगा।
इस दौरान पीसीएफ को 8 सौ एमटी, कर्मचारी कल्याण निगम को 81 एमटी, यूपी एग्रो को 3 सौ एमटी, एनसीसीएफ को 6 सौ एमटी और नाकॉफ को सौ एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया। एडीएम ने इसके साथ चेतावनी भी दी है कि यदि यह लक्ष्य निर्धारित अवधि में पूरा नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी खुद तय कर लें।
बैठक में एडीएम ने कहा कि शासन से गेहूं खरीद का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसे हर हाल में हासिल किया जाए इसके लिए रविवार को अवकाश के दिन भी खरीद की जाए और उसकी रिपोर्ट जिला विपणन अधिकारी के माध्यम से कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
इस मौके पर डिप्टी आरएमओ प्रभाकांत द्विवेदी, आलोक रंजन, सौरभ यादव, अमरेश मणि त्रिपाठी, केके तिवारी, अशोक निगम, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।