बाराबंकी। शासन की छात्रवृत्ति योजना का लाभ इस बार जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को नहीं मिल पा रहा है। वजह ये है कि छात्रवृत्ति पोर्टल आए दिन ठप रहता है। बीते एक सप्ताह से पोर्टल सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा, जिससे छात्रों को आवेदन करने में मुश्किलें आ रही हैं।
जिले में करीब 70 डिग्र्री व पीजी कॉलेज संचालित हैं। करीब 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को हर साल छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना होता है। इस बार भी उन्हें अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में आवेदन की उम्मीद थी, लेकिन पोर्टल खुलने के बाद कठिनाई आ रही है। छात्र बताते हैं कि ओटीपी सत्यापन नहीं हो पा रहा है और साइट अत्यधिक धीमी चल रही है। कई छात्र-छात्राओं ने रात के समय भी आवेदन करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज की छात्रा जान्हवी तिवारी ने बताया कि मैं पिछले दस दिनों से परेशान हूं। हर दिन कोशिश करती हूं, लेकिन आवेदन नहीं हो पाता। कॉलेज के पास साइबर कैफे चलाने वाले उमाकांत वर्मा का कहना है कि बीते कई दिनों से सैकड़ों छात्र उनके कैफे पर आ रहे हैं, लेकिन वेबसाइट के काम न करने के कारण कोई भी आवेदन नहीं कर पा रहा है। जनेस्मा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सीताराम यादव ने बताया कि उन्हें भी वेबसाइट बंद रहने की जानकारी मिली है, हालांकि इस बात का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।