दरियाबाद (बाराबंकी)। जमीन की पैमाइश कराने के लिए कई महीनों से थाने और तहसील के चक्कर काट रहे बुजुर्ग की सुनवाई तो नहीं हुई, लेकिन जान जरूर चली गई।
शनिवार को कोतवाली परिसर में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद शुक्ला की अध्यक्षता में समाधान दिवस चल रहा था। यहां अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र के कोपेपुर निवासी सिराजुद्दीन (60) जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर गांव के ही शाहिद के साथ थाने आए थे। तभी तेज आंधी में कोतवाली भवन पर लगा रेडियो टॉवर टूटकर गिर गया। हादसे में सिराजुद्दीन, सिपाही संदीप यादव व मोहित खटाना घायल हो गए।
तीनों को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिराजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं सिपाहियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एसडीएम रामआसरे वर्मा, सीओ हर्षित चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक के पुत्र चांद बाबू ने बताया कि जलालपुर गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के मामले में शिकायत करने आए थे, लेकिन यहां हादसा हो गया। इससे पहले भी पांच बार जमीन की नाप कराने को लेकर थाने और तहसील में शिकायत कर चुके थे, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से जुड़ा था। आज गांव में टीम जानी थी, उसे बुलाया नहीं गया था। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।