सिद्धौर ब्लॉक के अंदका गांव में खड़ंजा उखाड़ने का विरोध करती महिलाएं।
सिद्धौर। ब्लॉक की ग्राम पंचायत अंदका में कोर्ट के आदेश पर खड़ंजा उखाड़ने पहुंची टीम विरोध के कारण वापस लौट गई। दरअसल इस मामले में गांव के स्वामी कौशल किशोर और उनके भाई विजय किशोर का कहना है कि जहां खड़ंजा लगा वह जमीन इन लोगों की है। कोर्ट ने या तो मुआवजा देने या फिर खड़ंजा हटाने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इस जमीन का पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है और यह रास्ता पिछले 20-25 वर्षों से इस्तेमाल हो रहा है। आदेश के पालन कराने ग्राम सचिव जनार्दन चौहान व प्रधान मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर रास्ता बंद किया गया तो वे लोग कोर्ट का सहारा लेंगे। बीडीओ पूजा सिंह का कहना है न्यायालय के आदेश का पालन करने के लिए टीम पहुंची थी। संवाद