नकटौली के पास नहर में युवक की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। स्रोत- पुलिस
बड़डूपुर (बाराबंकी)। सीतापुर में पत्नी से विवाद के बाद छह दिन से लापता शिक्षक ने बाराबंकी के बड्डूपुर क्षेत्र में पहुंचकर पत्नी को वीडियो कॉल करके नहर में छलांग लगा दी। नहर किनारे उनकी बाइक, जूते और नकदी से भरा पर्स मिला। बृहस्पतिवार को पूरा दिन पुलिस व एसडीआरएफ की टीम नहर में स्टीमर से खोजबीन करती रही मगर सुराग नहीं मिला।
सीतापुर जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पैंतेपुर निवासी नवनीत पांडेय महमूदाबाद के ही एक निजी विद्यालय मेंं शिक्षक हैं। 20 मार्च को पत्नी अंकिता से उनका विवाद हुआ था। अंकिता का आरोप है कि नवनीत के किसी अन्य महिला से संबंध हैं और जब उन्होंने विरोध किया तो नवनीत ने उसके साथ मारपीट की और छोड़कर चले गए।
पत्नी की तहरीर पर महमूदाबाद कोतवाली में 20 मार्च को ही केस दर्ज हुआ था। बुधवार शाम बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली चौकी के पास स्थित शारदा सहायक नहर पुल पर नवनीत की बाइक संदिग्ध हालात में खड़ी मिली। बाइक की डिकी में कुछ कागजात और 4000 रुपये से भरा पर्स मिला, पास में ही उनके जूते भी पड़े थे।
कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि एक युवक ने नहर में छलांग लगाई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को बुलाया गया। सूत्रों के अनुसार लापता होने के बाद नवनीत के मोबाइल की लोकेशन आगरा, मथुरा समेत कई अन्य शहरों में मिली जिससे मामला और उलझ गया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर से तलाशी अभियान चलाया लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला। बड्डूपुर के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।