रामनगर (बाराबंकी)। सावन के तीसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान ढाई लाख से ज्यादा कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने भोलनाथ का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन के बाद सुख समृद्धि का आशीष मांगा। इस दौरान इंद्रदेव ने भी प्रसन्न होकर भोले के भक्तों का बारिश के पानी से जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा माहौल बम बम व जय भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
रविवार की शाम से ही कांवड़ियों के साथ भक्तों की लाइन लग गई थी। रात सवा 12 बजे के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खुले जलाभिषेक शुरू हो गया। रात भर भक्तों का आगमन मंदिर परिसर में जुटता रहा। डीजे की धुन पर नाचते-गाते कांवड़ियों के जत्थे जलाभिषेक से पहले बहोनिया सरोवर में स्नान भी कर कतार में लग कर पूजन अर्चन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
डाक कांवड़ लाने वाले युवाओं में आस्था,उत्साह और संकल्प का अनूठा संगम देखने को मिला। पुलिस प्रशासन के अनुसार इस दौरान ढाई लाख श्रद्धालुओं ने लोधेश्वर महादेवा का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। इस दौरान एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भक्ति में डूबे दिखे श्रद्धालु
भक्तों ने भगवान लोधेश्वर महादेव का अभिषेक दूध, दही, घी, गंगाजल, शहद, अक्षत, मिठाई शकर और गन्ने के रस से किया। इसके साथ ही महादेव को प्रसन्न करने के लिए चंदन, फल, फूल, भांग, धतूरा व बेलपत्र अर्पित कर धूप और दीप से उनकी आरती उतारी। इस दौरान भगवान भोलेश्वर व माता पार्वती के पूजन अर्चन के लिए महिलाएं भी बड़ी संख्या में जुटी दिखी।
रेलवे क्रॉसिंग पर रहे जाम के हालात
केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर कांवड़ियों के चलते जाम के हालात बने रहे। जैसे ही क्रासिंग बंद होती वाहनों की लंबी लाइन लग जाती। जाम हटवाने के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को खासी मशक्कत करना पड़ी। इस दौरान मंदिर परिसर व आसपास के इलाके में व्यवस्था सुगम बनाने के लिए एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम विवेकशील यादव, सीओ गरिमा पंत व तहसीलदार विपुल सिंह सहित अन्य अधिकारी निरंतर भ्रमण करते रहे।
जगह जगह लगे भंडारे
कई स्थान पर सेवा शिविर भक्तों ने लगाकर पूड़ी-सब्जी व फल बांटे। रामनगर पत्रकार क्लब की ओर से शरबत का वितरण भी किया गया। लोधेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी वीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि लोधेश्वर महादेव भाव के भूखे हैं। एक लोटा जल से ही प्रसन्न हो जाते हैं और अपने भक्तों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।