जिला अस्पताल में दवाई लेने आए मरीजों की भीड़। -संवाद
बाराबंकी। मौसम में बदलाव से सर्दी, जुकाम, बुखार व पेटदर्द के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अवकाश के बाद सोमवार को खुले जिला अस्पताल की ओपीडी में रिकाॅर्ड 2,529 मरीज देखे गए। भीड़ से मरीजों को घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कई मरीज बिना इलाज के ही लौट गए।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रविवार को पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर को दिखाने व दवा लेने तक मरीजों की लाइन लगी थी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि घंटों लाइन लगने के बाद मरीजों को इलाज मिल पाया।
इस दौरान सर्दी, जुकाम के 597, बुखार के 678, बदनदर्द के 428, पेटदर्द के 354, त्वचा रोग के 527, हड्डी रोग के 296 मरीज देखे गए। दवा लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे बाबादीन ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार है। सुबह आठ बजे से पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लग गया था।
डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में चार घंटे लग गए। इसी प्रकार रामबाबू , माता प्रसाद, हैदरअली, आसिफ व निहारिका ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद इलाज मिल सका। बताया कि सुबह नौ बजे पर्चा बनवाने के लिए लाइन में ही लग गए थे। एक बजे जाकर दवाई मिल सकी।
जबकि सागर, रेशमा, अभिनव व कासिम समेत कई मरीज बिना इलाज के ही लौट गए। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सभी को बेहतर इलाज मिले इसका पूरा प्रयास रहता है।