बाराबंकी के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर के परिसर में रखी गई मेंथा की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
नया शैक्षिक सत्र शुरू होने मेें दो दिन शेष है लेकिन जिन विद्यालयों पर ग्रामीणों ने अवैध कब्जा कर रखा है वहां से कब्जा हटाया नहीं जा सका है। कमोवेश यह स्थिति ज्यादातर विद्यालयों की है। इसके अलावा इस बार नया शैक्षिक सत्र पुरानी किताबों से शुरू होगा। कई कमियों होने की वजह से इस बार नया शैक्षिक सत्र अव्यवस्थाओं के बीच शुरू होगा।
जिले में करीब 3 हजार प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें करीब 3 लाख 70 हजार बच्चे पढ़ते हैं। इस बार नया शैक्षिक सत्र 2 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। लेकिन विभाग को अभी तक नई किताबें नहीं मिल सकी हैं। जिसकी वजह से शैक्षिक सत्र पुरानी किताबों के बीच शुरू करने की तैयारी है।
इसके अलावा कई विद्यालय ऐसे हैं जिनका उपयोग ग्रामीण अपने निजी कार्य में कर रहे हैं। मौजूदा समय में गांवों में मेंथा की पेराई का कार्य जोरों पर चल रहा है। विद्यालयों में अवकाश होने की वजह से विद्यालय बंद लेकिन इनके बरामदे और परिसर खाली पड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने बारिश से बचाने के लिए इन खाली स्थानों पर मेंथा का अवशेष (जंगरा) भर दिया है। जिसे अभी हटाया नहीं जा सका है। बीएसए पीएन सिंह ने कहा िक नए शैक्षिक सत्र 2 जुलाई से शुरू हो रहा है। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र में जितने भी विद्यालय हैं उनका भ्रमण कर सत्र शुरू होने से पहले जो कमियां है दूर कर ली जाएं।