नगर पालिका परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह में मौजूद जोड़े।
बाराबंकी। नगर पालिका परिषद नवाबगंज शनिवार को खुशियों, मंगल गीतों और शहनाई की मधुर धुनों से गूंज उठा। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत यहां 53 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामकर सात जन्मों का साथ निभाने का वादा किया। पालिका परिसर दिन भर अनूठे और भावुक पलों का साक्षी बना रहा।
विवाह स्थल पर सजी रंग-बिरंगी सजावट, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच जब 53 जोड़ों ने एक साथ फेरे लिए तो माहौल भावुक और उल्लासपूर्ण हो उठा। परिजनों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब आर्थिक अभाव किसी भी वयस्क बेटी के विवाह में बाधा नहीं बनेगा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष भाजपा प्रमोद तिवारी, संबंधित क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिलाषा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।