बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे असेनी मोड़ स्थित वेदम वर्ल्ड स्कूल में रविवार को ‘मदर्स ग्लो डे सेलिब्रेशन’ का आयोजन किया गया। मातृ शक्ति के सम्मान के साथ ही उनके लिए मनोरंजन, सौंदर्य और आत्मविश्वास से भरे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं की माताओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट आईएएस काव्या सी व सीओ रामनगर गरिमा पंत ने मातृ शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि स्कूल में अच्छी शिक्षा के साथ ही ऐसे आयोजनों से शैक्षिक गुणवत्ता का संवर्धन होता है। सीओ ने कहा कि स्कूल में माताओं के लिए किया गया आयोजन सराहनीय है। यहां अपने स्कूल के दिनों की याद ताजा हो गई।
ऋषिका शर्मा अकादमिक उत्कृष्टता विभाग (अमर उजाला) ने भी अपनी गरिमामयी मौजूदगी में विद्यालय में चल रहे हैं विभिन्न प्रतियोगिताओं की प्रशंसा की और सकारात्मक योगदान के लिए माताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
विद्यालय की विदुषी प्रधानाचार्या उमा जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों को भी विद्यालय से जोड़ते हैं। इससे सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। माताएं केवल परिवार की धुरी ही नहीं बल्कि समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह आयोजन उनके प्रति हमारे प्रेम और कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस अवसर पर फैशन शो, फन गेम्स, रैंप वॉक, मेंहदी आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मॉडल एवं अभिनेत्री मानसी जोशी, ब्लू वर्ल्ड फैशन एजेंसी की संस्थापक लकी सुरिन, मिस कंप्यूटर इन सहारनपुर एवं यूपी मिस इंडिया ताज फैशन आइकान प्रीति कुमार निर्णायक मंडल में शामिल रहीं।
निर्णायकों ने प्रतियोगियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की और विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में माताओं के लिए आयोजित फ्री मेकअप और हेयर स्टाइलिंग फैशन शो, रैंप वॉक, रोमांचक खेल और मनोरंजक गतिविधियां शामिल रहीं। वेदम वर्ल्ड स्कूल के सह संस्थापक निखिल जैन एवं आदित्य गोयल ने कहा कि हमारी संस्था शिक्षा के साथ-साथ समग्र विकास और समाज के प्रत्येक सदस्य का सम्मान करने में विश्वास रखती है।