रामसनेहीघाट। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने चंदौली सभागार में करीब 46 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें अमृत 2.0 योजना के तहत 35.98 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना प्रमुख है।
राज्यमंत्री ने कहा कि शुद्ध पेयजल हर नागरिक की जरूरत है। सरकार लोगों को स्वच्छ पानी और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इससे दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव में मदद मिलेगी।
पेयजल परियोजना के तहत चंदौली, धरौली और जेठबनी में पानी की टंकियां बनाई जाएंगी। इनके माध्यम से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन से पानी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा सीवरेज, जल निकासी और स्टांप शुल्क से संबंधित कार्य कराए जाएंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत भी निर्माण कार्य होंगे। आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत खेल मैदान बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी, मनीष श्रीवास्तव, जल निगम के संचय शुक्ला, भाजपा नेता रूपेश प्रताप सिंह, जवाहरलाल वर्मा और दीपक वर्मा मौजूद रहे।