बाराबंकी। अक्षय तृतीया के लिए सराफा बाजार सजधज कर तैयार हैं। खरीदारों को लुभाने के लिए आकर्षक आभूषणों का कलेक्शन दुकानों पर मौजूद है। सोने व चांदी की आसमान छूती कीमतों के बाद भी त्योहार की परम्परा निभाने के लिए लोग अक्षय तृतीय पर कीमती धातु के साथ दो पहिया व चार पहिया वाहन के साथ इलेक्ट्रानिक्स सामग्री की भी खरीद में जुटे हैं।
अक्षय तृतीया पर खरीदारी का शुभ समय मंगलवार शाम से ही लगने के कारण बाजार में खरीदारी शुरू हो जाने से कारोबारियों के चेहरे खिले दिख रहे हैं। इस बार बुधवार को दोपहर 2:12 बजे तक तृतीया का मान रहने के जोरदार खरीदारी होने की उम्मीद है। सराफा कारोबारियों ने सोने के भाव में तेजी क कारण ग्राहकों को लुभाने के लिए इस बार हल्के वजनी गहनों की नई वैरायटी पेश की है। इसमें अंगूठी से लेकर मंगलसूत्र तक के नए डिजाइनदार आभूषण खरीदारों को भी खूब भा रहे हैं। अक्षय तृतीया पर खरीदारी को लेकर सराफा बाजार में मंगलवार दोपहर से ही खरीदारों की चहल पहल बढ़ गई।
शाम होते-होते दुकानें ग्राहकों से भर गई। बाजार में सोने चांदी के सिक्कों के साथ ही हल्के वजनी गहनों की ज्यादा मांग दिखी। बाजार में इस बार नोजपिन अगूंठी से लेकर राजस्थानी, मीनाकारी, एंटी चोकर वाली ज्वैलरी की भी डिमांड दिखी। इन सबके बीच हीरे की चमक भी बरकरार रही। सराफा कारोबारियों ने अक्षय तृतीया पर्व की मुख्य खरीदारी बुधवार को दिन भर होने की उम्मीद जताई है।