बाराबंकी। जिले के अल्पसंख्यक समुदाय के बेरोजगार युवक-युवतियों को टर्मलोन योजना के तहत वितरित किए गए ऋण की वसूली अब पूरी सख्ती से होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बालेंदु द्विवेदी ने बताया कि इसके तहत लगातार नोटिस के बाद भी बीते 20 सालों से ऋण की किस्त राशि जमा न करने वाले दस बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उसे सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किया जाएगा। ऐसे डिफाल्टरों के खिलाफ आरसी जारी कर बकाया राजस्व राशि की वसूली होगी।
बताया कि वित्तीय वर्ष 1995 से 2021 तक जिले में अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदाय के लोगों को खेती, संबद्ध तकनीकी ट्रेड्स, स्मॉल बिजनेस, आर्टिजन, ट्रांसपोर्ट और सर्विस सेक्टर से जुड़ी परियोजनाओं के लिए पांच करोड़ से अधिक राशि के ऋण वितरित किए गए थे। निगम के निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों को निर्धारित किस्तों का भुगतान ड्राफ्ट, नगद जमा अथवा अधिकृत बैंक शाखा के माध्यम से करना था। इसके बावजूद अधिकांश लाभार्थियों ने बीते लंबे समय से लिए गए ऋण की किस्त राशि नहीं चुकाई है।
समय-समय पर नोटिस जारी करने के बाद भी किस्त राशि जमा न करने वाले ऐसे डिफाल्टरों की सूची तैयार की जा रही है। इसके आधार पर दस प्रमुख बकायेदारों के नाम सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा कर उनसे बकाया किस्त राशि की वसूली भू-राजस्व की भांति आरसी जारी कर की जाएगी।