बाराबंकी। जनपद में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिन भर चलने वाली बर्फीली हवा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। गिरते पारे और कोहरे के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव, हीटर और ब्लोअर का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवा चली। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि कोहरे और शीतलहर का यह सिलसिला अभी कुछ दिनों तक और जारी रहेगा, जिससे फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं घने कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम रही। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। शाम होते ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। सबसे बुरा हाल दैनिक मजदूरों का है, जिन्हें इस भीषण ठंड में भी काम की तलाश में घंटों चौराहों पर खड़ा रहना पड़ रहा है। प्रभारी उप कृषि निदेशक (शोध) धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान ठंड से फसलों को फिलहाल कोई सीधा नुकसान नहीं है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आने वाले दिनों में पाला गिरता है, तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
बाक्स
अस्पताल में पूरे दिन रहा सन्नाटा
जिला अस्पताल में सोमवार की भीड़ के मुकाबले मंगलवार को ओपीडी में स्थिति सामान्य रही। मंगलवार को अस्पताल की ओपीडी में कुल 829 मरीज पंजीकृत किए गए, जिनमें सर्वाधिक संख्या सर्दी, जुकाम, बुखार और सांस के रोगियों की रही। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेपी मौर्य ने कहा कि भीषण शीतलहर के दौरान बच्चों और बुजुर्गों की सेहत के प्रति विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जरा सी भी लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है, इसलिए अकारण घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें।
-
बाक्स
हृदयगति रुकने से बुजुर्ग महिला की मौत
सफदरगंज थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव की रहने वाली वृद्ध महिला कलावती (61) का निधन हो गया। परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की मौत का प्राथमिक कारण हृदय गति रुकना बताया गया है।
बाक्स
घने कोहरे से लिपटी रही सुबह
कोटवाधाम। तराई क्षेत्र में सुबह से छाए घने कोहरे और दिन भर सूर्य की बेरुखी ने ठंड के प्रकोप को और बढ़ा दिया है। कड़ाके की सर्दी के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। कोहरे की सघनता इतनी अधिक थी कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। धूप न निकलने के कारण पूरे क्षेत्र में शीतलहर का असर रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।
वर्जन
भीषण ठंड से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी तहसीलों और नगर पंचायतों में रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है। चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ठंड की मार झेल रहे जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
- निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी