सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पलटवार, बोले-सबूत मिले तो स्वयं फांसी मंजूर
चौपाई व दोहे सुनाए, हरियाणा के 85 फीसदी लोगों का समर्थन मिलने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
महादेवा (बाराबंकी)। महिला पहलवानों का यौन शोषण करने के आरोपों से घिरे कैसरगंज के सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि पहलवानों द्वारा मेडल गंगा में डालने से सरकार मुझे फांसी पर नहीं चढ़ा दे देगी। मुझ पर जो आरोप लगे हैं उन्हें सिद्ध करने के लिए दिल्ली पुलिस को सुबूत देने होंगे। जिस दिन आरोप सिद्ध हो जाएंगे मैं स्वयं फांसी पर चढ़ जाऊंगा।
सांसद बृजभूषण शरण सिंह बुधवार को रामनगर क्षेत्र के महादेवा ऑडिटोरियम में आयोजित सभा में बोल रहे थे। पांच जून को अयोध्या में होने वाली जनचेतना महारैली में जनसमर्थन जुटाने के लिए पहुंचे सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इन आरोपों को लेकर हरियाणा में भी 85 प्रतिशत लोगों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह आरोप जिस पर लगते हैं उसके अपने भी उसे कहने लगते हैं क्योंकि कहावत है कि धुंआ उठा है तो कुछ आग जरूर रही होगी।
सांसद ने कहा कि जब पहली बार उन पर जब ये आरोप लगे तभी मैंने पूछा था कि कब हुआ? कहां हुआ? किसके साथ हुआ?। उन्होंने कहा कि ये छोटा सा मसला इतना बड़ा बन चुका है और जितना समर्थन मुझे मिला रहा है आज तक किसी को नही मिला। क्षत्रिय, ब्राह्मण्र, मुसलमान, लोहार, कुर्मी, गुज्जर और जाट भी मेरे समर्थन में खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह आरोप मेरे ऊपर इस लिए लगे हैं कि भगवान हमसे कोई बड़ा काम लेना चाह रहे हैं। भगवान राम को वनवास होने के बाद ही केवट, शबरी से उनकी मुलाकात हुई। समुद्र पर पुल बना और रावण का वध हुआ। माता कैकेई ने सारे आरोप अपने ऊपर ले लिए।
रामचरितमानस की चौपाई व दोहे ''''जब जब होई धरम की हानि...हानि लाभ हानि जीवन मरण जस अपजस विधि हाथ..'''' का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि सरकार हमें फांसी पर नहीं चढ़ा रही है इसलिए खिलाड़ी मेडल फेंकने गंगा में जा रहे हैं। इससे हम फांसी पर नहीं चढ़ा दिए जाएंगे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरूणवीर सिंह, विधायक नंद किशोर गुज्जर, अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत बलराम दास, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, राजन सिंह, ज्ञानू सिंह, सुनील सिंह, बल्लू बाबा, पप्पू सिंह, शिवप्रकाश अवस्थी लल्लू आदि मौजूद रहे।
...................................
कैसरगंज से ही लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों को विराम देते हुए कहा कि वह भाजपा से कैसरगंज सीट से ही लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। सांसद ने सपा से चुनाव लड़ने की अटकलों को भी नकार दिया। इस दौरान सांसद मीडिया के सवालों से बचते नजर आए।
मंच पर एक साथ दिखे सपा-भाजपा नेता
भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में सभी दलीय मर्यादाएं टूटती नजर आईं। महादेवा ऑडिटोरियम में भाजपा के अलावा सपा के भी क्षत्रिय नेता भी मंच पर नजर आए। कार्यक्रम दौरान के बाद सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने लोधेश्वर महादेवा का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की। पंडित अनिल शास्त्री व आदित्य तिवारी ने दूध दही, गंगाजल, पुष्प, कमल, अक्षत शहद भी से पूजा संपन्न कराई। इसके बाद सांसद बघारेपुर गांव गए और वृक्षारोपण किया।