बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाने के पीछे खेत में जिंदा जली युवती की राख भले ही ठंडी हो गई, लेकिन उसके साथ क्या हुआ यह सवाल अब पूरे इलाके में सुलग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 80 प्रतिशत जलने से मृत्यु की पुष्टि हुई है। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। अन्य संभावित परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने विशेषज्ञों ने विस्तृत चिकित्सीय राय मांगी है। नामजद युवक की लोकेशन लखनऊ में होने के बीच अब जांच की सुई मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक विश्लेषण पर टिक गई है।
बृहस्पतिवार दोपहर थाना परिसर के पीछे खेत में लोगों ने एक युवती को आग से झुलसी हालत में तड़पते देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शाम को उसने लखनऊ के सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत से पहले उसने कथित रूप से कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक अखिलेश यादव का नाम लिया और यह भी कहा कि उसे धमकी दी गई थी कि फूंक देंगे। इसी आधार पर शुक्रवार दोपहर मृतका की बहन की तहरीर पर अखिलेश और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ है कि मृत्यु का कारण लगभग 80 प्रतिशत जलना है। एडीशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि अन्य स्थिति स्पष्ट करने के लिए विस्तृत चिकित्सीय राय मांगी गई है।