बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय सिसौना में अचानक सिलेंडर में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
एमडीएम बनाने वाले गैस सिलेंडर में शनिवार को स्कूल में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। इस दौरान अध्यापिका ने सूझ-बूझ दिखाते हुए सभी बच्चों को स्कूल के बाहर किया। ग्रामीणोें ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्कूल में सिलेंडर में आग लगने से अफरातफरी का माहौल रहा।
ब्लॉक दरियाबाद के अर्न्तगत ग्राम सिसौना प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को एमडीएम बनाते वक्त अचानक गैस सिलेंडर का पाइप फट गया और आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। इस बीच घबराई रसोइया राजरानी ने इसकी सूचना प्रधनाध्यापिका को दी तो अध्यापिका ने आनन-फानन में विद्यालय के सारे बच्चों को विद्यालय से बाहर किया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर को रसोई घर से बाहर निकाला। प्रधानाध्यापिका मध्येश मिश्रा ने बताया कि पाइप फटने से सिलेंडर में आग लगी लेकिन ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है। किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंची है।