सोमवार से शुरू होने वाले ऐतिहासिक देवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार की शाम जिलाधिकारी ने देवा मेला परिसर पहुंच कर यहां की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान डीएम ने मेले की विख्यात पशु बाजार पहुंचकर वहां नामचीन नस्लों के कीमती घोड़े देखे तथा घुड़सवारी भी देखी। इसके पश्चात डीएम ने परिसर व मजार क्षेत्र का भ्रमण किया। जो रब है वही राम है का संदेश देकर दुनिया में मशहूर हुए सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की पवित्र धरती देवा पर लगने वाला महोत्सव सोमवार से शुरू हो रहा है।
ऐतिहासिक देवा महोत्सव शुरू होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मेले का औपचारिक उद्घाटन होने में महज 36 घंटे ही शेष बचे हैं। मेला समिति के कर्मचारियों से लेकर जिला प्रशासन के कर्मी मेले की तैयारियों को फाइनल टच देने में जुटे हैं।
शनिवार की शाम मेले तैयारियों का जायजा लेने पूरे सरकारी अमले के साथ परिसर पहुंचे जिलाधिकारी अजय यादव व अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कर्मचारियों से मेले संबंधी बिंदुवार जानकारी ली।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह एसडीएम सदर डीपी पाल, सीओ सिटी श्रीपाल यादव, ईओ नगर पालिका एसके सिंह, जियाउल हक, सुपरवाइजर इक्तिदार अहमद शक्कू, जिलेदार शमीम अहमद आदि लोग मौजूद रहे।
शनिवार देर शाम डीआईजी फैजाबाद राकेश चंद्र साहू ने पहुंचकर देवा मेले की तैयारियों का जायजा लिया। मजार परिसर, आडिटोरियम व उसके आसपास क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया इसके बाद मेला कोतवाली पहुंचे। इस मौके पर एसपी राजू बाबू सिंह, एएसपी कुंवर ज्ञानेंजय सिंह आदि मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक राजू बाबू के निर्देश पर देवा मेले के लिए यातायात का डायवर्जन किया गया है। मार्ग डायवर्जन 16 से लेकर 26 तक लागू रहेगा। पुलिस द्वारा जो मार्ग परिवर्तन किया गया है।
उसके तहत अब मामा नहर पुलिया से वीआईपी रोड होकर मजार शरीफ एवं पंडाल में जाने के उपरान्त पशु चिकित्सालय से कुसुम्भा रोड नहर पुलिया क्रास करके लखनऊ जाने वाले वाहन मामा नहर पुलिया व माती रोड होते हुए वापस जाएंगे।
इसी प्रकार बाराबंकी जाने वाले वाहन उपरोक्त पुलिया क्रास कर मलूकपुर होते हुए वापस जाएंगेे। बाराबंकी से फतेहपुर जाने वाले बड़े वाहन जहांगीराबाद चौराहे से दाहिने मुड़कर सूतमिल के सामने से होकर जहांगीराबाद तथा जहांगीराबाद से टेरा सद्दीपुर, सिहाली चौराहा होते हुए फतेहपुर जाएंगें और इसी रास्ते से वापस भी आएंगे।
कुर्सी से बाराबंकी जाने वाले वाहन खेवली से ग्वारी होते हुए बाराबंकी आएंगे। फतेहपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन इसरौली से दाहिने मुड़कर रीवां-सीवां होते हुए बड्डूपुर-कुर्सी मार्ग पर पंहुचकर कुर्सी होते हुए लखनऊ जाएंगे या फतेहपुर से रामनगर बाराबंकी होते हुए लखनऊ जाएंगे।
लखनऊ से फतेहपुर जाने वाले वाहन कुर्सी-बड्डूपुर-इसरौली-रीवां-सीवां होते हुए फतेहपुर जाएंगेे या लखनऊ से बाराबंकी-रामनगर होते हुए फतेहपुर जाएंगे। मेला क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का पूर्णतया प्रवेश वर्जित है सभी प्रकार के वाहन निर्धारित पार्किग स्थल तक निर्धारित मार्ग से ही जायेगें।
विशेष एवं आकस्मिक सेवाओं वाले वाहन दुग्ध वाहन, एंबुलेंस आदि कुर्सी रोड तिराहा होते हुए लखनऊ की तरफ और कुर्सी रोड नहर पुलिया से बायें मुड़कर नहर की पटर पर होते हुए मामा नहर पुलिया से बाराबकीं की ओर जाएंगे। उपरोक्त प्रकार के वाहन इसी प्रकार नहर की बाईं पटरी मार्ग से वापस फतेहपुर की तरफ जाएंगे।