बाराबंकी। शनिवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुईं। जिले के कुल 103 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित की गईं।
पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 1,770 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 1,678 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 92 छात्र अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट स्तर पर कृषि अभियंत्रण एवं कृषि पशुपालन विषय की परीक्षा में 1,844 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1,750 ने परीक्षा दी और 94 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की चित्रकला एवं संगीत वादन विषय की परीक्षा 103 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस पाली में कुल 5954 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5560 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में सहभाग किया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की मौजूदगी में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। श्री गांधी पंचायत इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में चित्रकला विषय की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। यहां 145 परीक्षार्थियों में से 139 ने परीक्षा दी, जबकि 6 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा से पूर्व शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सुरक्षा कर्मियों द्वारा गहन जांच की गई। इस दौरान कुछ परीक्षार्थी गुलाल लेकर केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व ही बाहर रखवा दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को गुलाल लगाते और उड़ाते हुए खुशी-खुशी जाहिर करते दिखे। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया परीक्षा पारदर्शी और नकलविहीन हुई।