बाराबंकी। अंतरजनपदीय बस स्टेशन पर महीनों से खड़ी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसों के टायर अब बदले जा रहे हैं। काफी दिनों से खड़ी इन बसों के टायर की हवा निकलने व कंप्रेशर खराब होने की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि बिना सड़क पर चले इन बसों के टायर बदलने की नौबत आ गई है।
सात माह पहले जिले को पहले चरण में तीन और दूसरे चरण में पांच इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें मिली थीं। चार्जिंग स्टेशन न होने से इन बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका। तब से यह बसें स्टेशन पर खड़ी-खड़ी धूल फांक रही थीं।
काफी समय तक खड़ी रहने से न केवल टायरों की हवा निकल गई, बल्कि तीन बसों के तो कंप्रेशर भी खराब हो गए। अमर उजाला ने जब इस लापरवाही की खबर प्रकाशित की, तो विभाग हरकत में आया।
एआरएम जमीला खातून ने मामले की रिपोर्ट आरएम लखनऊ को भेजी। केंद्र प्रभारी एके अवस्थी ने बताया कि मुंबई से आई कंपनी की टीम ने इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसों के टायर बदल दिए हैं।