बाराबंकी। जिला अस्पताल में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाएं बिजली कटौती के कारण प्रभावित रहीं। एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की जांच नहीं हो सकी। इस दौरान ओपीडी में अंधेरा होने की वजह से मरीजों के साथ ही चिकित्सकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यहां पर इलाज के लिए आए रामसरन, गौरीशंकर, आरिफ और हेमा ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित है। किसी तरह से परचा तो बन गया लेकिन एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की जांच नहीं हो पाई। बंकी निवासी हरिओम मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी आस्था मिश्रा पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती है। अल्ट्रासाउंड कराना था लेकिन बिजली न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। बब्लू सिंह एक्सरे कराने पहुंचे तो लाइट न होने की बात कहकर वापस कर दिया गया। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि मेन लाइन में फॉल्ट आ गया है, जिसकी मरम्मत जारी है। इस दौरान जनरेटर चलाकर ओपीडी और पंजीकरण में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है।