जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों का आरक्षण जारी होने के बाद चुनाव प्रचार तेजी पकड़ने लगा है। दावेदार युवाओं को अपने पाले में लाने के लिए ज्यादा से ज्यादा जोर दे रहे हैं। क्योंकि पंचायत चुनाव में इस बार युवाओं की भूमिका काफी निर्णायक है। कुल मतदाताओं में से आधे मतदाता 18 वर्ष से लेकर 38 वर्ष की आयु श्रेणी में हैं।
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 21 लाख 13 हजार 733 है।
इनमें लगभग दस लाख मतदाता 18 वर्ष से लेकर 38 वर्ष की आयु वर्ग में आते हैं। इस बार जिला पंचायत सदस्य के पदों की संख्या भी बढ़कर 58 हो गई है जबकि पिछली बार महज 49 ही थ। जिला पंचायत के आठ सदस्य ज्यादा होंगे। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संख्या 12 सौ से बढ़कर 14 सौ के आस-पास पहुंच गई है। इन पदों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार पूरी तैयारियों के साथ जुट गए हैं। चुनाव जीतने के लिए दावेदार किसी प्रकार की कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सबसे ज्यादा मेहनत जिला पंचायत सदस्य पद के दावेदारों को करनी पड़ रही है। क्योंकि एक सदस्य के हिस्से में करीब 20 से 25 ग्राम पंचायतें आ रही हैं और चुनाव तिथि घोषित होने से पहले दावेदार सभी गांवों का एक बार भ्रमण कर लेने में लग गए हैं। इनका सबसे ज्यादा जोर युवा मतदाताओं पर हैं क्योंकि इन्हें भी पता है कि युवा जिस ओर होगा जीत उसी दावेदार की होगी। इसलिए युवाओं को अपने पाले में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने लगे हैं। दावेदार इसमें कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाह रहे हैं।
दो-दो ग्राम पंचायतों में दर्ज नाम
मतदाता सूची में जो खामियां है वह अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बाद दूर नहीं हो पा रही हैं। रामनगर की बड़नपुर ग्राम पंचायत में कई मतदाताओं के नाम गनेशपुर पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं। यदि सूची को सही नहीं किया जाता है तो ये मतदाता दोनों पंचायतों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसको लेकर गांव के प्रवेश शुक्ला आदि ने शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। इसी प्रकार कई अन्य ग्राम पंचायतें भी जिनकी मतदाता सूची खामियों से भरी पड़ी है।
जिले मेें कुल मतदाताओं की संख्या 21 लाख 13 हजार के आसपास है। लेकिन पंचायत चुनाव में कोई ऐसा साफ्टवेयर नहीं बनाया है जो महिला, पुरूष और युवा मतदाताओं की संख्या अलग-अलग बता सके। लेकिन एक अनुमान के मुताबिक जिले में युवा मतदाताओं की संख्या करीब 10 लाख के आसपास होगी।
- सतीश कुमार, निर्वाचन अधिकारी पंचायत चुनाव