बाराबंकी। बेटियां अब कॉलेज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर विषय विशेषज्ञ बनना चाहती हैं। यह न केवल उनके व्यक्तिगत के लिए बल्कि समाज के विकास के लिए भी काफी सकारात्मक सोच है। इसके चलते ही हरख स्थित संतकवि बाबा बैजनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय मेंं पीजी में प्रवेश के लिए अभी तक 140 छात्र-छात्राओं ने काउंसिलिग कराई , जिसमें से 111 बेटियां हैं। जो कुल प्रवेश सीटों का 79 फीसदी है।
स्नातकोत्तर कक्षाओं के लिए गणित व जंतु विज्ञान की काउंसिलिंग में छात्राओं की बढ़ती हिस्सेदारी से साफ है कि उनका रुझान इन विषयों की पढ़ाई के लिए बढ़ा है। एमएससी जंतुविज्ञान मे 40 सीटें हैं जिसमें 39 छात्राएं है। एसएससी गणित में 40 में से 30 सीटों पर छात्राओं ने प्रवेश लिया है। एमकॉम की 60 सीटों में से 42 पर छात्राओं ने प्रवेश लिया है। प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर अपने लक्ष्य को पा सकें, इसके लिए महाविद्यालय में गुणवत्तापरक शिक्षा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
डिजिटल लाइब्रेरी में तैयारी का भी मौका
यहां पर पुस्तकालय में चार हजार से अधिक पुस्तकों का संग्रह है। खास बात यह है कि छात्रों के विषय से संबंधित पुस्तकें तो हैं ही, प्रतियोगिता के लिए भी काफी पुस्तक भी हैं। यहां की डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का मौका भी विद्यार्थियों को मिल रहा है।