बाराबंकी। सहालग का मौसम आते ही फर्नीचर बाजार में रौनक बढ़ गई है। फर्नीचर कारोबारियों ने एक से बढ़कर एक फर्नीचर का स्टाॅक कर रखा है। इसमें सोफा कम बेड, डाइनिंग टेबल के साथ ही मॉड्यूलर फर्नीचर भी शामिल है। बेटी की शादी में उपहार स्वरूप देने के लिए लोग रेडीमेड फर्नीचर को खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। जबकि कुछ ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार ऑर्डर देकर फर्नीचर भी बनवा रहे हैं।
बेटी की शादी में उपहार देना परंपरा है। गरीब हो या अमीर, सभी यथाशक्ति उपहार देते हैं। इसके लिए बेड, सोफा, डाइनिंग टेबल, शृंगार दान आदि की खरीदारी करते हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए अलग-अलग कंपनी के उत्पादों अलग-अलग छूट है। फर्नीचर विक्रेताओं ने बाजार में आकर्षक छूट और उपहारों के साथ विभिन्न डिजाइन के फर्नीचर उपलब्ध कराए हैं। बाजार में नए मॉडल के सोफा, सोफा कम बेड, मार्बल डाइनिंग टेबल, ग्लास डाइनिंग टेबल, बुड डाइनिंग टेबल, हाइड्रोलिक बेड आदि मौजूद है।