बाराबंकी। नए साल में छह परिवारों के आंगन बच्चों की किलकारियों से गूंज उठे। रात 12 बजे के बाद इन बच्चों का जन्म हुआ तो माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि भगवान ने नए साल पर उन्हें नायब तोहफा दिया है।
जरौली के रहने वाले वीरेंद्र शुक्ल की पत्नी प्रगति शुक्ला को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। उनके पिता अशोक शुक्ला का कहना है कि नए साल में भगवान ने जो उपहार दिया है, उससे बढ़कर और क्या हो सकता है। जसवंत की पत्नी रूबी ने पुत्री को जन्म दिया है। जसवंत ने कहा कि भगवान ने नए साल में उनके घर लक्ष्मी भेजी है। इसी प्रकार अमजद की पत्नी सबीना ने पुत्र, राकेश की पत्नी सोनी यादव ने पुत्री, विशाल की पत्नी कंचन ने पुत्री और सोनू की पत्नी श्यामा देवी ने भी पुत्री को जन्म दिया है। यह सभी बच्चे बुधवार की रात में 12 से दो बजे के बीच हुए। एनके परिजनों का कहना है कि नए साल में आंगन में किलकारियां गूंजी हैं। यही नए साल का उपहार है। सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी प्रसूता का सामान्य प्रसव हुआ है। जच्चा-बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ हैं।