सुबेहा (बाराबंकी)। निर्माणाधीन नाले की ऊंचाई बढ़ाने व स्थान परिवर्तन की मांग पूरी न होने से नाराज नगर पंचायत सुबेहा के पट्टी वार्ड के सभासद विशाल निषाद बुधवार को पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगे। इससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद एसडीएम न्यायिक हैदरगढ़ अनिल सरोज व ईओ अशोक खरवार द्वारा मांग को शीघ्र पूरा करवाने का भरोसा देने पर सभासद नीचे उतरे। इस दौरान लोगों की भीड़ व पुलिस टंकी के आसपास डटी रही।
सभासद के पानी की टंकी पर चढ़ने की जानकारी फैलते ही सुबह नौ बजे इलाके में लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सभासद के परिजन भी मौके पर पहुंचकर उनसे नीचे उतरने का अनुरोध कर रहे थे। लेकिन वह मांगे पूरी न होने पर नीचे कूद कर आत्महत्या की धमकी देते रहे। सभासद का कहना है कि नाला पुराने बहाव वाले स्थान से बनाया जाए। ईओ ने नाले की ऊंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया लेकिन नाला तोड़ने से साफ इंकार कर दिया।
इसके बाद सभासद नीचे उतरे। ईओ ने बताया कि नाले के निर्माण के लिए जमीन की पैमाइश राजस्व टीम से कराई गई। पानी का पुराना बहाव वाला स्थान रामखेलावान के खेत में है। सभासद की मांग के अनुसार नाला की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। (संवाद)