देवा। सांस्कृतिक मंच पर सुर, लय और भावों की अनूठी छटा बिखरी। प्रसिद्ध नृत्यांगना पर्णिका श्रीवास्तव और उनकी टीम ने अपनी कला से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान शास्त्रीय कथक और सूफी कथक का मनोहारी संगम देखने को मिला।
विज्ञापन
कार्यक्रम की शुरुआत पर्णिका श्रीवास्तव की पारंपरिक शास्त्रीय कथक प्रस्तुति तराना से हुई। इसके बाद पर्णिका, श्वेता गुप्ता, कृति और अदिति की संयुक्त टीम ने सूफी कथक की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। कुल तीन खूबसूरत नृत्य प्रस्तुतियां हुईं। सधे हुए पद संचालन, आकर्षक मुद्राओं और भावों ने समा बांध दिया।
सूफी संगीत की आध्यात्मिक अनुभूति और कथक की बारीकियों के इस सुंदर समावेश ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के समर्पण ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया। देवा मेला कला और चेतना के इस संगम का गवाह बना।