बाराबंकी। सीतापुर के युवक नितेश का अपहरण कर हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दसवें आरोपी गोलू वर्मा उर्फ विकास को गिरफ्तार किया है। गोलू सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र के डिबियापुर गांव का निवासी है।
विज्ञापन
जिले के बड्डूपुर क्षेत्र में डफरपुर चौराहे के पास 29 अक्तूबर को सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र के सरैंया महिपतपुर गांव निवासी नितेश मौर्य को आरोपियों ने एक वाहन में जबरन बैठा लिया था। इसके बाद वे उसे सीतापुर की सीमा में ले गए थे। पिसावां क्षेत्र में एक ढाबे के पास गंभीर हालत में नितेश ने दम तोड़ दिया था। मरने से पहले नितेश ने एक पन्ने पर दो लोगों के नाम भी लिखे थे।
इस मामले में पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि 112 नंबर पर मिली सूचना के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद घटना का खुलासा किया था।