बाराबंकी। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी तो जुटें लेकिन उनकी समस्याएं दूर नहीं हो पाईं। ज्यादातर फरियादी निराश लौट गए। इस दौरान सभी तहसीलों में कुल 502 शिकायतें आईं जिसमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण करवा दिया गया। जिससे साफ है कि अधिकारी शिकायतों को लेकर कितना गंभीर हैं।
रामसनेहीघाट में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 123 में से महज 5 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्धारित समय में शिकायतों का निस्तारण करने को कहा। फतेहपुर में 82 में सिर्फ 9 शिकायतों को निस्तारण किया जा सका। सिरौलीगौसपुर तहसील में आईं 26 शिकायतों में से 4 का ही निस्तारण किया जा सका। हैदरगढ़ तहसील में सबसे ज्यादा 161 शिकायतें आई, जिसमें से 9 शिकायतों को मौके पर ही निपटाया गया। वहीं रामनगर तहसील में सौ में सिर्फ 5 शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका।