बाराबंकी। बुखार की चपेट में आकर एक किशोरी की मौत हो गई जबकि करीब डेढ़ सौ लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी सीएचसी का कोई भी चिकित्सक गांव तक नहीं पहुंचा है। इससे परिवारीजन मजबूर होकर पीड़ितों का उपचार निजी चिकित्सकों व झोलाछाप से करा रहे हैं। गांव में इतनी ज्यादा संख्या में लोगों के बीमार होने से हड़कंप मचा हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर डीएम की फटकार के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी है।
पोखरा क्षेत्र के मर्दापुर गांव में चार दिन से संक्रामक बुखार फैला है। इसकी चपेट में आकर सियाराम की पुत्री शिवानी (16) की मंगलवार देर रात मौत हो गई। गांव के लोगों का आरोप है कि किशोरी की मौत और गांव में संक्रामक बुखार फैलने की सूचना सीएचसी त्रिवेदीगंज पर दी गई लेकिन बुधवार को पूरे दिन कोई भी चिकित्सक गांव नहीं पहुंचा।
जबकि गांव में अभी भी पिंकी (10), मोनी (9), किरन (10), सोनी (10), आकाश (9), सुभाष (7), सुंदरी (8), प्रियंका (6), संगीता (11), अमित (10), शिवसागर (8), विजय (4), रविशंकर (9), शिवशंकर (13) समेत करीब डेढ़ सौ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव के रामसमुझ, रामनरेश व शारदा ने कहा तीन दिन से गांव की आशा के माध्यम से सीएचसी पर सूचना भेजी जा रही थी लेकिन कोई चिकित्साकर्मी गांव नहीं आया। ऐसे में निजी चिकित्सकों व झोलाछाप से पीड़ितों का उपचार कराया जा रहा है।
बुधवार को जब हालत में कोई सुधार नहीं दिखाई दिया तो ज्यादातर लोगों को सीएचसी में भर्ती करा दिया गया। जहां पीड़ितों का उपचार तो किया जा रहा है लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
संक्रामक बुखार से पीड़ित ज्यादातर बच्चे एक ही स्कूल के हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में गंदगी के कारण वहां पढ़ने जाने वाले बच्चे संक्रामक बीमारी का शिकार हो रहे हैं। गांव के संत कुमार शुक्ल ने कहा कि स्कूल में रसोई के पास जलभराव व गंदगी है तथा शौचालय निर्माण पूरा नहीं होने से परिसर में गंदगी रहती है। गांव की गलियों व नालियों की भी सफाई नहीं होने से बारिश में रास्तों पर गंदा पानी भर जाता है। इसके चलते गांव में संक्रामक रोग फैला है।
सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि बुखार से जिस बालिका की मौत होने की बात कही जा रही है उसकी जांच कराई जा रही है। गांव में चिकित्सकों की टीम भेजी गई है। जो पीड़ितों का जांच कर उपचार कर रही है। जो लोग गंभीर रुप से बीमार हैं उन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि त्रिवेदीगंज क्षेत्र के मर्दापुर गांव में संक्रामक बुखार फैलने की सूचना मिली है। सीएमओ को पीड़ितों का बेहतर ढंग से उपचार कराने और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गांव के प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जबकि गांव में गंदगी को लेकर वहां तैनात सफाई कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं।