कोटवाधाम। कोटवाधाम मंदिर में शनिवार शाम दर्शन के लिए आए श्रावस्ती के 16 वर्षीय किशोर श्रीराम की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पिता के साथ मंदिर पहुंचे किशोर की मौत से परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद संध्या आरती और भोग पूजा रोक दी गई। पुलिस की कार्रवाई और साफ-सफाई के बाद करीब दो घंटे की देरी से आरती कराई गई।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी आशाराम यादव शनिवार को अपने बेटे श्रीराम के साथ कोटवाधाम दर्शन करने आए थे। पुलिस के अनुसार श्रीराम की तबीयत पहले से खराब थी और उसे अक्सर बुखार आता था। उसका बहराइच में इलाज भी कराया गया था। शनिवार शाम करीब छह बजे मंदिर परिसर में बैठे श्रीराम की अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं में हलचल मच गई। बदोसराय थानाध्यक्ष राम अवतार राम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।