बाराबंकी। अयोध्या के मवई में शनिवार शाम खेत में घास काटने गई 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे रामसनेहीघाट सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मूलरूप से अयोध्या के कामगार मियां का पुरवा निवासी शकील पत्नी रीना और पांच बच्चों के साथ मवई क्षेत्र में डेरा बनाकर रहते हैं। शकील के अनुसार शनिवार को बेटी मुस्कान (14) का आठ वर्षीय भाई चांद बाबू से घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था।
शाम को रीना बेटी के साथ खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान मुस्कान की तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले रामसनेहीघाट सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया।
सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन ने सांप काटने से मौत की आशंका जताई है। जहर की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।