बाराबंकी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गणेशपुर में 16 से 18 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय क्रियात्मक शोध कार्यशाला का बुधवार को समापन हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ डायट प्राचार्य अमित यादव ने किया। उन्होंने कहा कि क्रियात्मक शोध से शिक्षक अपनी शिक्षण प्रक्रिया का विश्लेषण कर विद्यार्थियों के सीखने का स्तर सुधार सकते हैं। इसमें विभिन्न विकासखंडों के करीब 120 शिक्षकों ने भाग लिया। डॉ. नलिनी मिश्रा, डॉ. दीपा अवस्थी, डॉ. ललिमा, डॉ. किरण द्विवेदी, प्रो. प्रवीण और प्रो. अखिलेश पटेल ने शोध के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। नोडल प्रवक्ता डॉ. गीतांजलि सिंह यादव ने बताया कि उत्कृष्ट शोध कार्य आईएसबीएन सहित प्रकाशित किए जाएंगे।