टीबी जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर में लगाई गई सीवीनेट मशीन का शुभारंभ सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने शनिवार को फीता काटकर किया। उन्होंने इस दौरान जांच कक्ष को वातानुकूलित करने और बलगम सैंपल की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
सीएचसी फतेहपुर में टीबी रोगियों की संख्या अधिक मिलने पर यहां एक करोड़ रुपये की लागत से सीवीनेट मशीन स्थापित की गई थी। इस सीएचसी के अंतर्गत आने वाली लगभग तीन लाख की आबादी को लाभ दिलाने के लिए शनिवार को मशीन का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि इस मशीन में एक बार में चार बलगम के सैंपल की जांच एक साथ हो जाएगी। अगर मरीज में एक भी प्रतिशत टीबी के लक्षण होंगे तो पकड़ में आ जाएगा।
सही समय पर जांच और सही इलाज शुरु होने से मरीज को जल्द से ठीक किया जा सकता है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके वर्मा ने कहा कि जो मरीज टीबी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है तो उसकी भी जांच हो जाएगी कि दवाई उसे फायदा कर रही है या नहीं। सीएमओ ने मशीन कक्ष को वातानुकूलित कराने का आदेश सीएचसी अधीक्षक डॉ. शोमनाथ को दिया है। इस मौके पर डॉ. अनुपम, डॉ. समर सिंह, डॉ. इशरा, आशीष रस्तोगी, शिशिर कांत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।