बाराबंकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले में 19 मरीजों में टीबी जैसे लक्षण दिखने पर जांच के लिए लिखा गया है। गंभीर हालत में पहुंचे 17 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 59 पीएचसी पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में कुल 2489 मरीज देखे गए। पीएचसी बदोसरायं में 19 मरीज टीबी जैसे लक्षणों वाले पहुंचे। इनकी जांच सोमवार को कराई जाएगी। इसके अलावा कोटवाधाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व खजुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर खांसी जुकाम बुखार के मरीज पहुंचे। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वाले मरीजों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए 90 डॉक्टर और 210 कर्मियों को लगाया गया था।